जागृति आंगन कार्यक्रम में विद्यालय का चयन

(दिलखुश टाटावत)
देवली। शिक्षा के प्रति जागरूकता एवं विद्यार्थियों और विद्यालयों का चहुंमुखी विकास करने के उद्देश्य से राज्य भर से 100 राजकीय विद्यालयों का जागृति आंगन कार्यक्रम के लिए चयन किया गया है। इनमें से टोंक जिले के तीन विद्यालयों का चयन हुआ है। चयनित विद्यालयों मे देवली ब्लॉक का पीएम श्री राउमावि देवली भी शामिल है इस कार्यक्रम के लिए प्रत्येक स्कूल को 5-5 लाख रुपए का बजट दिया जाएगा। जागृति आंगन कार्यक्रम राज्य सरकार और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्टार्स प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को एक्सपोजर विजिट के माध्यम से चहुंमुखी विकास के अवसर दिए जाएंगे। 28 सितंबर शनिवार को टोंक जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 छात्र-छात्राओं का दल प्रथम विजिट हेतु देवली आएगा। प्रति विजिट एक लाख रुपए खर्च करने का प्रावधान दिया गया है।
क्या होगा कार्यक्रम में जिला व ब्लॉक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे विद्यालय की विजिट कराई जाएगी और वहां विद्यार्थियों में आपस में संवाद के माध्यम से चर्चा रखी जाएगी। विजिट वाले दिन स्कूल में शैक्षिक विशेषज्ञों से वार्ता रखवाई जाएगी। विद्यार्थियों को कुछ प्रेरक फिल्में दिखाई जाएंगी। विद्यार्थियों के अल्पाहार व मध्याह्न भोजन की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम के लिए राष्ट्रीय और राज्य व जिला स्तरीय शैक्षिक व सह-शैक्षिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को लिया जाएगा।
साथ ही कक्षा 9 से 12 में पढ़ रहे विद्यार्थी, जिन्होंने पिछली क्लास में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इनके अलावा सामाजिक सरोकारों में ब्लॉक व जिला स्तर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी भी इसमें शामिल किए जाएंगे।