राजीविका महिला समूह पहुंचा विधानसभा: विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी बोले- जागरूक रहेंगे तब ही मिलेगा योजनाओं का लाभ

राजसमंद जिले की नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों की राजीविका महिला समूह ने आज जयपुर पहुंच कर राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही को देखा। नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं के इस समूह में से अधिकांश महिलाओं को पहली बार जयपुर जाने का मौका मिला। राजीविका समूह की महिलाओं ने जयपुर भ्रमण कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी का आभार ज्ञापित किया।
इस दौरान महिला समूह से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी. पी. बात-चीत की। उनकी समस्याएं जानी और मौके पर ही राजसमंद जिला प्रशासन के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर उनका समाधान कराया। डॉ. जोशी ने ग्रामीण महिलाओं से कहा कि वे जागरूक रहेंगी, तब ही उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। जमाना बदल रहा है। ऐसी स्थिति में हमें हमारी सोच समाज के स्वस्थ सामाजिक परिवर्तन की और बनानी होगी ताकि सभी महिलाएं स्वव्यवसाय कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। ग्रामीण महिलाओं ने जयपुर शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों और विधानसभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का भी अवलोकन किया।