बोहेड़ा में सात दिवसीय गौ कथा का शुभारंभ आज से

रिपोर्टर बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा
22 अप्रैल
501 महिलाओं की कलश यात्रा के साथ भव्य शुभारंभ होगा
साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती दीदी करेगी कथा
बड़ीसादड़ी। उपखंड के बोहेड़ा गांव में आज से सात दिवसीय 22 अप्रैल तक साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती द्वारा गौ माता पर कथा की जाएगी। कथा आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी के अनुसार नये-नये राजस्थानी परिधान पहनी हुई 501 महिलाएं कलश लेकर शोभायात्रा के रूप में लाखनसुर बालाजी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर बस स्टैंड व बाजार के मुख्य मार्ग से होते हुए कथा स्थल नंद वाटिका के पास स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र पर पहुंचेगी। मुख्य मार्ग से गुजरते विशाल शोभायात्रा पर जगह - जगह धर्म प्रेमी लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। गो कथा आयोजन समिति में अनेक युवाओं के जुड़ जाने से मुख्य मार्ग को विशेष रुप से सजाया जा रहा है। कथा स्थल पर पांडाल में बड़ी संख्या में गौ माता से जुड़े हुए स्लोगन लिखे जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा बोहेड़ा गांव को गो भक्तिमय बनाने का जोर शोर से प्रयास किया जा रहा है। लोगों की रूचि को देखते हुए कथा स्थल पर गो कथा आयोजन समिति ने बड़े पैमाने पर गो भक्तों के कथा श्रवण के लिए अच्छी बैठक व्यवस्था की है। गांव के सभी समाज के लोग गौ कथा में अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में गौ माता की कथा सुनने का निवेदन किया है। साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती आज कथा का आरंभ गणेश पूजन, गो कथा का महात्मय व गो कथा का प्राकट्यीकरण जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डालेगी। कथा का समय 7:30 से 10:30 तक रहेगा। प्रतिदिन कथा के समापन पर सभी आगंतुक भक्तों को आयोजन समिति की ओर से प्रसाद का वितरण किया जाएगा।