दवाई लेकर लौट रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत

दवाई लेकर लौट रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत

शनिवार सुबह देवली मर्चरी में शवों की लाइन लगी

             (दिलखुश टाटावत)
देवली। दूनी थाना क्षेत्र के राजकोट निवासी एक 40 वर्षीय व्यक्ति की शुक्रवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों ने एक इको कार चालक पर टक्कर मारने का आरोप लगाया है। इसे लेकर मृतक के पिता सोजीराम मीणा निवासी राजकोट ने दूनी थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है। सहायक उप निरीक्षक शंकर लाल यादव ने बताया कि इस रिपोर्ट में सोजीराम ने बताया कि उसका पुत्र धर्मराज मीणा शुक्रवार को कोटा दवाई लेने के लिए गया था। वही अपनी बाइक से वापस लौट रहा था। इस बीच राजकोट गांव में पशु चिकित्सालय के सामने पहुंचने पर राजकोट की ओर से आ रही एक इको कार ने धर्मराज की बाइक के टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर दूनी थाना पुलिस ने शव को देवली चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा। जहां पुलिस पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

मोर्चरी में डेड बॉडी की लगी लाइन

इधर, देवली चिकित्सालय में शुक्रवार से लेकर शनिवार सुबह तक मोर्चरी में शवों की लाइन लग गई। शुक्रवार रात 8:45 बजे करीब देवली का पुलिस व प्रशासन गत बुधवार को राजमहल में ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से मारे गए पप्पू गुर्जर का शव लेकर आई। जिसका पोस्टमार्टम शनिवार सुबह किया गया। वहीं रात को ही राजकोट निवासी धर्मराज मीणा का भी शव रखा गया। इसी तरह टीकड़ गांव में हाईवे के करीब एक व्यक्ति का शव मिला है। जिसकी हनुमान नगर पुलिस शिनाख्ती का प्रयास कर रही है। इसी तरह नासिरदा क्षेत्र में भी एक महिला की मौत के बाद शव को देवली चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा गया है। इस तरह एक ही समय में 4 शव मोर्चरी में रखे गए।